वह बहुत खुश था। आज उसका बर्थडे था और इस खास मौके को सेलिब्रेट करने के लिए वह दिल्ली आया था। दिल्ली में उसने अपने एक दोस्त के यहां अपना सामान पटका और जल्दी से तैयार होकर निकल पड़ा। दोस्त ने पूछा खाना नहीं खाएगा क्या, तो उसका जवाब था- यार लेट हो जाउंगा तो मैडम नाराज हो जाएंगी। मेट्रो स्टेशन तक पहुंचने में लगने वाला समय बचाने के लिए उसने रिक्शा कर लिया जिसने वहां के लिए किराया मांगा- 30 रुपये। रिक्शेवाला ज्यादा मांग रहा था लेकिन उससे मिलने की जल्दी में उसने बहस नहीं किया और फौरन बैठ गया और उसे जल्दी से जल्दी स्टेशन पहुंचाने के लिए कहा। मेट्रो स्टेशन पहुंच कर ट्रेन पकड़ी और अपने गंतव्य राजीव चौक पहुंचा। वहां वह तय समय से 20 मिनट पहले ही पहुंच गया था। अब वह स्टेशन पर ही आते-जाते लोगों को देखते हुए इंतजार करने लगा। वह आई तो उसने अपनी बांहें फैलाईं और उसने भी बर्थडे विश करते हुए कहा, 'हैप्पी बर्थडे ...।' तभी अचानक कुछ लोग आए और उसे खींचकर उससे दूर ले जाने लगे। उसे धक्का लगा और वह गिर पड़ा। उसकी नींद टूट गई थी और वह एक बार फिर से तन्हा था।#इंदौरडायरी - 11
No comments:
Post a Comment